Saturday, December 3, 2011

वो दिल ही क्या तेरे मिलने की जो दुआ न करे
मैं तुझको भूल के ज़िंदा रहूँ ख़ुदा न करे

रहेगा साथ तेरा प्यार ज़िन्दगी बनकर
ये और बात मेरी ज़िन्दगी वफ़ा न करे

ये ठीक है नहीं मरता कोई जुदाई में
ख़ुदा किसी से किसी को मगर जुदा न करे

सुना है उसको मोहब्बत दुआयें देती है
जो दिल पे चोट तो खाये मगर गिला न करे

ज़माना देख चुका है परख चुका है उसे
"क़तील" जान से जाये पर इल्तजा न करे

अशोक अंजुम

करे कोशिश अगर इंसान तो क्याक्या नहीं मिलता
वो उठकर चल के तो देखे जिस रस्ता नहीं मिलता !

भले ही धूप हो, कांटे हों पर चलना ही प़डता है
किसी प्यासे को घर बैठे कभी दरिया नहीं मिलता !

कहें क्या ऐसे लोगों से जो कहकर ल़डख़डाते हैं
कि हम आकाश छू लेते मगर मौका नहीं मिलता !

कमी कुछ चाल में होगी, कमी होगी इरादों में
जो कहते कामयाबी का हमें नक्शा नहीं मिलता!

हम अपने आप पर यारो भरोसा करके तो देखें
कभी भी ग़िडग़िडाने से कोई रुतबा नहीं मिलता!

Friday, December 2, 2011

वसीम बरेलवी


अपने चेहरे से जो ज़ाहिर है छुपायें कैसे
तेरी मर्ज़ी के मुताबिक नज़र आयें कैसे

घर सजाने का तस्सवुर तो बहुत बाद का है
पहले ये तय हो कि इस घर को बचायें कैसे

क़हक़हा आँख का बरताव बदल देता है
हँसनेवाले तुझे आँसू नज़र आयें कैसे

कोई अपनी ही नज़र से तो हमें देखेगा
एक क़तरे को समुन्दर नज़र आयें कैसे

Friday, November 25, 2011

राम गोपाल भारतीय

वफ़ा का ज़िम्मा किसी एक पर नहीं होता
दिलों में फ़ासले लेकर सफ़र नहीं होता

किसी का टूट गया दिल तुम्हे पता ही नहीं
कोई भी दोस्त हो यूँ बेख़बर नहीं होता

किसी का बसता हुआ घर उजाड़ने वालो
हरेक शख़्स की क़िस्मत में घर नहीं होता

दिलों के बीच मुक़दमा भी क्या मुक़दमा है
की जिसका फ़ैसला सारी उमर नहीं होता

हरेक बात उड़ा देता है वो बातों में
किसी भी बात का उस पर असर नहीं होता

राम गोपाल भारतीय


तेरा ख़याल जो मेरा ख़याल हो जाए
तो ख़त्म तेरा-मेरा हर सवाल हो जाए

जुड़े हो काश हमारे-तुम्हारे दिल ऐसे
सितम हो तुझपे मेरी आँख लाल हो जाए

किसी अमीर की ख़ुशियों से ऐतराज़ नहीं
ख़ुशी ग़रीब की भी तो बहाल हो जाए

न चाँद तारे न सूरज की ज़रूरत है मुझे
मेरे चिराग़ की बस देखभाल हो जाए

मै अपने ख़ून की स्याही से इन्क़लाब लिखूँ
ख़ुदाया मेरी क़लम इक मशाल हो जाए

ख़ुदा के वास्ते इतना भी तुम करम न करो
मै बेकमाल रहूँ और कमाल हो जाए

राम गोपाल भारतीय

मुस्कुराते ग़र रहोगे और पास आएँगे लोग
तुम अगर रोने लगोगे दूर हट जाएँगे लोग

आज भोलेपन की क़ीमत ये भला समझंगे क्या
एक दिन खो देंगे तुझको और पछ्ताएँगे लोग

साँप अब डसने लगे है आस्तीनों से निकल
और कब तक दोस्त बनकर हमको बहलाएँगे लोग

हर गली, हर मोड़ पर, तैयार बेठे है सभी
आइना दिखलाओगे तो ईंट बरसाएँगे लोग

हादसे में जल गया है जिसके सपनो का जहाँ
वो भला समझेगा कैसे, कैसे समझाएँगे लोग

अब कोई समझे न समझे लेखनी के दर्द को
एक न एक दिन तो हमारे गीत दोहराएँगे लोग

राम गोपाल भारतीय


किसी की आँख में आँसू सजाकर
बहुत पछताओगे यूँ मुस्कुराकर

तुम उसके पाँव के छाले तो देखो
कहीं वो गिर न जाए डगमगाकर

तेरी शोहरत तेरा धन-माल इक दिन
हवा ले जाएगी पल में उड़ाकर

वही देता है अक्सर चोट दिल को
जिसे हम देखते हैं आज़माकर

हमारे सर की भी क़ीमत है कोई
जिसे हम जान पाए सर गँवाकर

बड़ा अच्छा था उनसे फ़ासला था
बहुत पछताए हम नज़दीक आकर